सिगरा रुद्राक्ष कन्वैंशन सैंटर में कार्यक्रम शुरू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे वाराणसी, प्रदेशव्यापी पोषण माह का किया शुभारंभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवजात बच्चों का अन्न प्राशन अपने हाथ से किया। मासूम बेटियों को गोद में उठाकर खीर खिलाई और खिलौना भी दिया।

By : Sukhwinder Kaur , Just Click National
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे वाराणसी, प्रदेशव्यापी पोषण माह का किया शुभारंभ

वाराणसी, 9 सितंबर (हि.स.) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रदेशव्यापी पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में कड़ी सुरक्षा के बीच शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सुपोषित भारत’ के विजन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुख्यमंत्री के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवजात बच्चों का अन्न प्राशन अपने हाथ से किया। मासूम बेटियों को गोद में उठाकर खीर खिलाई और खिलौना भी दिया। इस दौरान राधा और कृष्ण की वेशभूषा में आए बच्चों पर मुख्यमंत्री ने जमकर स्नेह और दुलार लुटाया और उन्हें खिलौना भी दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आंगनवाडी कार्यकर्त्रियों के स्टालों पर जाकर उनके कार्यों को देखा। स्वयं सहायत समूह या एनजीके साथ जुड़कर बनाए गए उनके उत्पादों की जानकारी भी ली। इस दौरान प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, प्रदेश के मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, मंडलायुक्त एस.राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार आदि भी मौजूद रहे। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान पीएमएमवीवाई के दस वर्ष और पोषण माह से जुड़ी फिल्में प्रदर्शित कर अभियान की औपचारिक शुरुआत हुई। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश मंगलवार रात ही जारी कर दिए थे। मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्जन भी लागू किया गया है।