चलती स्कूली बस में लगी आग का दृश्य

चलती स्कूल बस में लगी आग, 17 बच्चे सुरक्षित निकाले

जैसलमेर: जैसलमेर में मंगलवार सुबह चलती स्कूल बस में अचानक भयंकर आग लग गई, जिसमें करीब 17 बच्चे सवार थे।

By : Just Click National , Harpreet Singh
चलती स्कूल बस में लगी आग, 17 बच्चे सुरक्षित निकाले

जैसलमेर, 11 अगस्त (हि.स.) जैसलमेर में मंगलवार सुबह चलती स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस बस में करीब 17 बच्चे सवार थे। इंजन से धुआं उठते ही चालक ने बस रोककर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद कुछ ही मिनट में बस आग का गोला बन गई। हादसा सदर थाना इलाके के धऊवा गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। आग बुझने तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही किसी को कोई चोट नहीं आई, लेकिन बच्चों के स्कूल बैग, कॉपी-किताबें और बस में रखा अन्य सामान जल गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सीरवी ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि बस का फिटनैस प्रमाण पत्र 13 दिन पहले समाप्त हो चुका था।
     सदर थाना के जगदीशदान ने बताया कि बस पिथला गांव से बच्चों को लेकर डाबला रोड स्थित एस.एम. पब्लिक स्कूल जा रही थी। धऊवा के पास सड़क पर गड्ढे में टायर आने से लगे झटके के बाद शॉर्ट सर्किट हो गया। इंजन वाले हिस्से से धुआं उठने के बाद आग की लपटें निकलने लगीं। चालक ने बस सड़क किनारे रोककर गेट खोला और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर बच्चों की मदद की।