शिमला, 02 अक्टूबर (हि.स.) : शिमला में गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार सुबह सीटीओ चौक से शेरे पंजाब होते हुए रिज मैदान तक प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति गीतों के साथ महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन किया गया। प्रतिभागियों ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, शांति और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, तहसीलदार शिमला शहरी नारायण वर्मा, डीएसपी विक्रम चौहान सहित सर्वोदय बाल आश्रम रॉकवुड के बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों ने महात्मा गांधी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और स्वच्छता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।