पीएम ने 51000+ युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

सरकारी सेवा में ‘नागरिक देवो भव’ को बनाएं मंत्र : नरेंद्र मोदी

मोदी ने कहा कि मिशन कर्मयोगी से 1.70 करोड़ से अधिक सरकारी कर्मचारी जुड़ चुके हैं।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
सरकारी सेवा में ‘नागरिक देवो भव’ को बनाएं मंत्र : नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली, 19 सितम्बर (हि.स.) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को सरकारी सेवा में शामिल होने वाले युवाओं से ‘नागरिक देवो भव’ को अपना मंत्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सेवा ही राष्ट्र की सेवा है। सरकारी कर्मचारियों के व्यवहार, संवेदनशीलता, कार्यकुशलता और ईमानदारी से ही लोगों का सरकार के साथ अनुभव तय होता है। मोदी 20वें रोजगार मेले को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। देशभर में 45 स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता में मेहनत के साथ माता-पिता और परिवार के त्याग की भी बड़ी भूमिका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा ऐसे समय सरकारी सेवा में प्रवेश कर रहे हैं, जब भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं के हर निर्णय और प्रयास से विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं के कौशल, प्रतिभा और नवाचार पर दुनिया का भरोसा बढ़ रहा है। युवा दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। अब उनकी ऊर्जा और क्षमता सार्वजनिक सेवा में भी दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए युवाओं को लगातार सीखते रहना होगा और नई तकनीक, नई व्यवस्थाओं तथा बदलती जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा। मोदी ने हाल में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत चाहता है कि ब्रिक्स का सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे, बल्कि उद्यमियों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को भी इसका सक्रिय भागीदार बनाया जाए। उन्होंने ब्रिक्स कनेक्ट और ब्रिक्स एमएसएमई सहयोग पोर्टल का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने हाल के वर्षों में करीब 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। इससे भारतीय युवाओं के लिए नए बाजार, साझेदारियां और रोजगार के अवसर खुल रहे हैं। सरकार युवाओं को भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दे रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति, कौशल भारत मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और प्रशिक्षुता कार्यक्रम इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। मोदी ने ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य करीब दो करोड़ युवाओं को पहली बार कार्यबल का हिस्सा बनने में मदद करना है। सरकार रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ युवाओं को बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर भी जोर दे रही है। मोदी ने कहा कि मिशन कर्मयोगी से 1.70 करोड़ से अधिक सरकारी कर्मचारी जुड़ चुके हैं। ‘कर्मयोगी प्रारंभ’ जैसे कार्यक्रम नए कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों को समझने में मदद कर रहे हैं।

संबंधित सामग्री

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन पर नेताओं ने दी शुभकामनाएं

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन पर नेताओं ने दी शुभकामनाएं

सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को किया याद

डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि कुशल अर्थशास्त्री और सफल राजनेता के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत के विकास को गति दी और देश की समृद्धि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं का सरकारी नौकरी का सपना होगा पूरा

20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं का सरकारी नौकरी का सपना होगा पूरा

प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के जरिए नवनियुक्त युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र।

पीएसएसओयू के 2 अहम एमओयू, शिक्षा और जनजातीय शोध को मिलेगा नया मंच

पीएसएसओयू के 2 अहम एमओयू, शिक्षा और जनजातीय शोध को मिलेगा नया मंच

एमओयू के तहत प्रस्तावित गतिविधियों के समन्वय और निगरानी के लिए दोनों पक्षों से एक-एक प्रतिनिधि वाली दो सदस्यीय संचालन समिति गठित करने का प्रावधान किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर दिलीप घोष ने मरीजों में बांटे फल और दीये

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर दिलीप घोष ने मरीजों में बांटे फल और दीये

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और देशसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे एक महीने तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।