सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र की सड़कें बदहाल

सीतापुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बने गहरे गड्ढे, एम्बुलैंस फंसी और राहगीर चोटिल

यहां की खस्ताहाल सड़कों की वजह से रोजाना छिटपुट घटनाएं हो रही हैं।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
सीतापुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बने गहरे गड्ढे, एम्बुलैंस फंसी और राहगीर चोटिल

अम्बिकापुर, 01 सितंबर (हि.स.) : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 (एनएच-43) पर सीतापुर क्षेत्र की सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर बने बड़े और गहरे गड्ढों के कारण रोजाना राहगीर और स्कूली बच्चे दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामले में एक गंभीर मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस बजाज शोरूम के पास सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढे में आज फंस गई। चालक के काफी प्रयास के बाद भी जब वाहन नहीं निकला, तब दूसरी एम्बुलेंस बुलाकर मरीज को अस्पताल भेजा गया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत कर फंसी हुई एम्बुलेंस को बाहर निकाला जा सका। सोनतराई से सुर तक लगभग तीन किलोमीटर के हिस्से में सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। मरम्मत के अभाव और बारिश के पानी के जमाव से जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। विशेषकर नगर के बीच स्थित बजाज शोरूम के सामने घुटनों तक गहरा गड्ढा बन चुका है। गड्ढे में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के फंसने से रोजाना घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, लगभग एक सप्ताह पूर्व इसी स्थान पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री का वाहन भी फंस गया था। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों को फटकार लगाई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग/एनएच के अधिकारियों ने आनन-फानन में गड्ढे में मिट्टी-गिट्टी डालकर समतल किया था। हालांकि, अगली ही बारिश में भराव बह गया और गड्ढा पहले से भी अधिक बड़ा और गहरा हो गया, जिससे मार्ग संकरा हो गया है। नगरवासियों का आरोप है कि वीआईपी के वाहन फंसने पर तत्काल कदम उठाने वाले अधिकारी आम जनता और स्कूली बच्चों की रोजमर्रा की परेशानी को नजरअंदाज कर रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई, तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस संबंध में अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) फागेश सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता से चर्चा हुई है और संबंधित विभाग ने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।
 

संबंधित सामग्री

न्यू फरक्का के बाद अब समशेरगंज में धंसी सड़क, एम्बुलैंस समेत कई वाहन फंसे

न्यू फरक्का के बाद अब समशेरगंज में धंसी सड़क, एम्बुलैंस समेत कई वाहन फंसे

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण सड़क पर बार-बार धंसाव होने से भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

लॉटरी शुरू करने के फैसले से नाखुश भाजपा विधायक, विधानसभा परिसर में किया प्रदर्शन

लॉटरी शुरू करने के फैसले से नाखुश भाजपा विधायक, विधानसभा परिसर में किया प्रदर्शन

हिमाचल पहले ही नशे की समस्या से जूझ रहा है। चिट्टा गांव-गांव तक पहुंच चुका है। ऐसे समय में लॉटरी शुरू होने से लोगों में एक और तरह की लत बढ़ने का खतरा है।

बदहाल शौचालय, बजबजाती नालियां और कचरे के लगे ढेर जनता के लिए परेशानी

बदहाल शौचालय, बजबजाती नालियां और कचरे के लगे ढेर जनता के लिए परेशानी

यहां बुरी तरह चरमराई सफाई-व्यवस्था ने जहां प्रशासन का उदासीनता दिखाई है, वहीं लोगों की नाक में भी दम कर रखा है।

रुद्रप्रयाग में डंपर खाई में गिरा, दो की मौत

रुद्रप्रयाग में डंपर खाई में गिरा, दो की मौत

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक डंपर गिरने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। एसडीआरएफ, नेशनल डिफेंस रेस्क्यूस और अन्य विभागों ने तुरंत राहत अभियान चलाया।