भारत का जादू, मात्र 69 रन पर सिमटी श्रीलंकाई टीम

मंधाना-शेफाली की चमक और स्पिनरों का कहर, श्रीलंका को रौंदकर भारत ने जीता लगातार दूसरा गोल्ड

एशियाई खेलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए महिला क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम चमकाया है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
मंधाना-शेफाली की चमक और स्पिनरों का कहर, श्रीलंका को रौंदकर भारत ने जीता लगातार दूसरा गोल्ड

आइची-नगोया, 22 सितंबर (हि.स.) : स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की शानदार बल्लेबाजी के बाद भारतीय स्पिनरों के कहर की बदौलत भारत ने मंगलवार को एशियाई खेलों के महिला क्रिकेट फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीत लिया। यह मौजूदा एशियाई खेलों में भारत का पहला स्वर्ण पदक है। भारत के अब सात पदक हो गए हैं, जिसमें एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य शामिल हैं। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई। 147 रन की जीत महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भी है। इससे पहले भारत ने मलेशिया को 142 रन से हराया था। 217 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। शेफाली वर्मा ने इमेशा दुलानी को तीन रन पर ऋचा घोष के हाथों स्टंप कराया। श्रीलंका का स्कोर 2.5 ओवर में 18 रन पर एक विकेट था। कप्तान चमारी अटापट्टू ने कुछ अच्छे शॉट लगाए और नंदिनी शर्मा तथा क्रांति गौड़ के ओवरों में दो-दो चौके लगाए। हालांकि, शेफाली ने हसीनी परेरा को भी अपना शिकार बनाया। हसीनी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में भारती फुलमाली के हाथों कैच हो गईं और खाता नहीं खोल सकीं। पावरप्ले के छह ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 41 रन था। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका की कप्तान अटापट्टू को 21 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 29 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद भारतीय स्पिनरों ने श्रीलंका के बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह बिखेर दिया। श्रेयांका पाटिल ने हरशिता समरविक्रमा को खाता खोले बिना आउट किया, जबकि श्री चरणी ने हंसिमा करुणारत्ने को एक रन पर पवेलियन भेजा। दीप्ति ने कविशा दिलहारी को 11 रन पर आउट किया। श्रीलंका का स्कोर 9.1 ओवर में छह विकेट पर 49 रन हो गया। इसके बाद श्री चरणी ने काव्या कविंदी को दो रन पर आउट किया। दीप्ति ने सुगंधिका कुमारी को तीन रन पर आउट कर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। 15वें ओवर में मिथिला अयोध्या ने रन आउट कर श्रीलंका का नौवां विकेट गिराया। इसके बाद श्रेयांका पाटिल ने आखिरी विकेट लेकर श्रीलंका की पारी 69 रन पर समेट दी। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में छह रन देकर तीन विकेट लिए। श्री चरणी ने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट लिए। शेफाली वर्मा ने दो ओवर में तीन रन देकर दो विकेट और श्रेयांका पाटिल ने 1.4 ओवर में नौ रन देकर दो विकेट हासिल किए।