आइची-नागोया, 21 सितंबर (हि.स.) : भारतीय निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांक्ष पाटिल ने सोमवार को 2026 एशियाई खेलों में पुरुष 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते। चीन के शेंग लिहाओ ने करीबी मुकाबले में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रुद्रांक्ष ने फाइनल में शानदार शुरुआत की। पहली सीरीज में 52.8 अंक हासिल कर उन्होंने शुरुआती बढ़त बनाई और दूसरी सीरीज में 53.2 अंक के साथ अपनी बढ़त को 1.1 अंक तक पहुंचा दिया। हिमांशु भी लगातार पदक की दौड़ में बने रहे और कुछ समय के लिए दूसरे स्थान पर पहुंच गए। 12 शॉट के बाद रुद्रांक्ष 127.4 अंक के साथ शीर्ष पर थे, जबकि हिमांशु 126.6 और शेंग लिहाओ 126.3 अंक के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर थे। मुकाबला मध्य चरण में भी बेहद करीबी रहा। 16 शॉट के बाद शेंग 168.8 अंक के साथ बढ़त पर पहुंच गए, जबकि रुद्रांक्ष और हिमांशु 168.6-168.6 अंक के साथ बराबरी पर थे। हिमांशु ने इसके बाद 10.9 का शानदार शॉट लगाकर रुद्रांक्ष से अंतर केवल 0.1 अंक कर दिया, लेकिन अगले शॉट में 9.8 अंक आने से वह तीसरे स्थान पर खिसक गए। हालांकि, उन्होंने 10.6 के शॉट के साथ वापसी की और पदक की दौड़ में बने रहे। 20 शॉट के बाद शेंग ने अपनी बढ़त एक अंक तक पहुंचा ली। रुद्रांक्ष 210.6 और हिमांशु 210.0 अंक के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर थे। इसके बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। 22 शॉट के बाद रुद्रांक्ष 230.9 अंक के साथ बाहर हो गए और हिमांशु 231.0 अंक के साथ उनसे केवल 0.1 अंक आगे रहे। इससे पहले रुद्रांक्ष का 9.7 का शॉट उनके लिए महंगा साबित हुआ और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इसके बाद स्वर्ण पदक के लिए हिमांशु और शेंग के बीच मुकाबला हुआ। दोनों ने अंतिम शॉट में 10.6 अंक हासिल किए, लेकिन शेंग ने कुल 233.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। हिमांशु 231.0 अंक के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे। इस परिणाम के साथ भारत ने पुरुष 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत और कांस्य पदक के रूप में दोहरी सफलता हासिल की।
10 मीटर एयर राइफल में हिमांशु ढिल्लों ने जीता रजत, रुद्रांक्ष ने साधा कांस्य पर निशाना
भारत के दोनाें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मैडलों पर निशाना साधा है।
संबंधित सामग्री
भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर जीता टी20 स्वर्ण
भारत ने क्रिकेट में हासिल की दोहरे स्वर्ण की उपलब्धि
एशियाई खेल 2026 : धीरज और नीरज रिकर्व के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
दोनों ने राउंड ऑफ 16 में शानदार जीत दर्ज कर पदक की उम्मीदें मजबूत कर दी हैं
पीवी सिंधु की शानदार जीत, चीनी ताइपे की खिलाड़ी को मात देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में
31 वर्षीय सिंधु अब अंतिम-16 के मुकाबले में जापान की तोमोका मियाजाकी से भिड़ेंगी।
एशियन गेम्स 2026 : अनाहत सिंह ने महिला स्क्वैश फाइनल में बनाई जगह
अनाहत ने पांचवां गेम 11-3 से जीतकर 3-2 से मुकाबला अपने नाम किया।
स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को मिश्रित युगल में कांस्य पदक
ली का यी और तांग मिंग हांग ने शानदार वापसी करते हुए लगातार 4 अंक हासिल किए और निर्णायक गेम 11-10 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।