एआईएम में निवेश के अवसरों को किया जा रहा प्रदर्शित

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने दुबई में बिहार पवेलियन का किया उद्घाटन 

वैश्विक मंच पर बिहार की औद्योगिक और नीतिगत क्षमताओं का प्रदर्शन राज्य को अंतर्राष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने दुबई में बिहार पवेलियन का किया उद्घाटन 

दुबई, 7 सितंबर (हि.स.) : बिहार के उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने सोमवार को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया। यह उद्घाटन वार्षिक निवेश बैठक (एआईएम) कांग्रेस 2026 के दौरान हुआ, जिसमें बिहार ने वैश्विक निवेश के लिए अपनी पहुंच को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। पवेलियन के माध्यम से बिहार की औद्योगिक क्षमताएं, निवेश के अवसर और राज्य में किए जा रहे निवेशक-अनुकूल सुधारों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है। मंत्री श्रेयसी सिंह ने बिहार पवेलियन का उद्घाटन उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया। उन्होंने इस अवसर पर वैश्विक व्यवसायों के साथ मजबूत साझेदारी स्थापित करने के प्रति बिहार सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया और राज्य के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम की जानकारी दी। पवेलियन में बिहार के औद्योगिक बुनियादी ढांचे, निवेश की संभावनाएं, नीतिगत प्रोत्साहनों और निवेशक-अनुकूल सुधारों का प्रमुखता से प्रदर्शन किया जा रहा है। बिहार सरकार का लक्ष्य है कि वैश्विक कारोबारी समूहों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को राज्य में उपलब्ध संभावनाओं से अवगत कराया जाए और उन्हें निवेश के लिए अनुकूल वातावरण की जानकारी दी जाए। वैश्विक मंच पर बिहार की औद्योगिक और नीतिगत क्षमताओं का प्रदर्शन राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।