विश्वविद्यालय में हंगामे के बाद पुलिस की कार्रवाई

एलपीयू में हिंसा मामले में 9 छात्र गिरफ्तार, 20 आरोपी नामजद

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और मीडियाकर्मियों पर पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ की गई

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
एलपीयू में  हिंसा मामले में 9 छात्र गिरफ्तार, 20 आरोपी नामजद

जालंधर, 02 अक्टूबर (जस्ट क्लिक) : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में 26 सितंबर को एक मैसेज वायरल होने के बाद हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और मीडिया कर्मियों पर पथराव किया गया, वाहनों में तोड़फोड़ की गई और कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने अब तक 20 आरोपियों की पहचान कर उन्हें केस में नामजद किया है। डीआईजी नवीन सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जेम्स दहिया, गगनदीप, जसमीत कुमार निवासी फगवाड़ा, अंतरिक्ष और साहिल निवासी जम्मू-कश्मीर, कृष्णा कुमार, भविष्य करण निवासी मुंबई और आशुतोष निवासी फगवाड़ा शामिल हैं। नौवां आरोपी नाबालिग छात्रा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सात छात्र हैं, जबकि दो बाहरी व्यक्ति हैं। नवीन सिंगला ने कहा कि पुलिस की ओर से शुरुआत में कोई लाठीचार्ज नहीं किया गया था। उनके मुताबिक, जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और मीडिया पर पथराव शुरू किया और वाहनों में आग लगा दी, तब स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को वहां से हटाया। डीआईजी ने बताया कि मामले में फगवाड़ा से दो, जम्मू से दो और मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस छात्रों के साथ मिलकर स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही थी और छात्रों को यह संदेश दिया जा रहा था कि पुलिस उनके साथ है। इसके बावजूद कुछ छात्रों ने हिंसा और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम के यूनिवर्सिटी पहुंचने के समय स्थिति अपेक्षाकृत शांत थी, लेकिन अचानक छात्रों के एक समूह ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और तोड़फोड़ की। मामले में आगे की जांच जारी है। वहीं, छात्रा से दुष्कर्म के आरोपों से जुड़े मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। डीआईजी के अनुसार एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है।