नशा तस्करों की जानकारी पुलिस से साझा करने की अपील

नशों के खिलाफ एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया की अनोखी पहल

गांव की पंचायत में लोगों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी बातें सुनीं और नशों के खिलाफ चल रही मुहिम को लेकर फीडबैक व सुझाव लिए

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
नशों के खिलाफ एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया की अनोखी पहल

खन्ना, 11 सितंबर (राजविंदर राजू) : नशों के खात्मे के लिए पुलिस और आम लोगों के बीच सीधा संपर्क कायम करने की दिशा में एसएसपी खन्ना डा. दर्पण आहलूवालिया ने अनोखी पहल की है। नशों के हॉटस्पॉट के तौर पर चर्चित गांव बिलासपुर और दोराहा में पहुंचे एसएसपी ने अफसरशाही के पारंपरिक रवैये से अलग हटकर गांव की पंचायत में लोगों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी बातें सुनीं और नशों के खिलाफ चल रही मुहिम को लेकर फीडबैक व सुझाव लिए।एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी जिम्मेदारी पूरी तनदेही से निभा रही है, लेकिन जब तक लोग पुलिस का साथ नहीं देंगे, तब तक नशों की समस्या को जड़ से खत्म करना मुश्किल रहेगा। खास बात यह रही कि पंचायत में कुर्सियां मौजूद होने के बावजूद एसएसपी ने उन पर बैठने के बजाय गांववासियों के साथ जमीन पर बैठकर बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह लोगों को कोई उपदेश या आदेश देने नहीं, बल्कि उनकी समस्याएं, सुझाव और जमीनी हकीकत जानने के लिए यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई में पुलिस और लोगों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने गांववासियों से अपील की कि यदि उनके इलाके में कोई व्यक्ति नशा बेचता है या नशों की तस्करी में शामिल है तो उसके बारे में जानकारी पुलिस के साथ साझा की जाए। इसी तरह नशों का सेवन कर रहे युवाओं के बारे में पुलिस और संबंधित विभागों को जानकारी देकर उन्हें नशे की दलदल से बाहर निकालने में सहयोग किया जा सकता है। एसएसपी ने पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस की ओर से कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशों के खात्मे के लिए सख्त कार्रवाई के साथ-साथ लोगों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिया कि नशों से संबंधित मिलने वाली हर जानकारी को गंभीरता से लिया जाएगा। बताया जाता है कि गत दिन लुधियाना रेंज के डीआईजी संदीप गोयल के नेतृत्व में हुई बैठक में नशों के खिलाफ मुहिम को लेकर जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर के कोऑर्डिनेटरों से फीडबैक लिया गया था। इसी बैठक के बाद एसएसपी खन्ना ने अपनी टीम के साथ अगले दिन ही ग्राउंड स्तर पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और गांववासियों के साथ सीधा संवाद किया। एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि नशों के खिलाफ जंग में पुलिस अकेली नहीं, बल्कि पूरा समाज एक टीम के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।

संबंधित सामग्री

नशा तस्करी रोकने को लेकर प्रशासन सख्त,नशे के अवैध कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

नशा तस्करी रोकने को लेकर प्रशासन सख्त,नशे के अवैध कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

अररिया में डीएम ने बैठक में मादक पदार्थों के वितरण को रोकने, सीमा क्षेत्रों में सतत जागरूकता और गैर-कानूनी कारोबार पर कड़ी निगरानी के लिए संयुक्त कार्य योजना बनाई।