अमृतसर, 18 सितंबर (हि.स.) : अमृतसर में ड्यूटी के दौरान थाना गेट हकीमां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार एएसआई हरजीत सिंह शुक्रवार करीब 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से एएसआई हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाकर घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि अमृतसर जिले के बहादुर पुलिस अधिकारी एएसआई हरजीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। डीजीपी ने बताया कि एएसआई हरजीत सिंह का अंतिम संस्कार पूरे पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा।
दाना मंडी के पास अज्ञात हमलावरों ने चलाईं गोलियां
अमृतसर में ड्यूटी के दौरान एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या
डीजीपी गौरव यादव ने परिवार से जताई संवेदना, पुलिस सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
By :
Just Click National
,
Sukhwinder Kaur
•