एसएसपी और एसडीएम ने लिया तैयारियों का जायजा

500 ड्रोन आसमान में प्रस्तुत करेंगे गुरु जी के जीवन, बाणी और शिक्षाओं की अनूठी झलक

अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों सहित इस विशेष ड्रोन शो में शामिल हों

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
500 ड्रोन आसमान में प्रस्तुत करेंगे गुरु जी के जीवन, बाणी और शिक्षाओं की अनूठी झलक

खन्ना, 15 सितंबर (राजविंद्र राजू) : पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित 16 सितंबर को शाम 5:30 बजे ए.एस. मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खन्ना के मैदान में विशेष ड्रोन शो करवाया जाएगा। इस शो के दौरान करीब 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़कर श्री गुरु रविदास महाराज जी के महान जीवन, बाणी और शिक्षाओं को रोशनी के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। ड्रोन शो की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया और एसडीएम खन्ना स्वाति टिवाणा ने आज मौके पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम स्वाति टिवाणा ने संबंधित विभागों को दर्शकों के लिए स्वच्छ पेयजल, लंगर, बैठने की व्यवस्था, मेडिकल टीमों, मैदान की साफ-सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित सभी जरूरी प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों सहित इस विशेष ड्रोन शो में शामिल हों और श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को याद करते हुए इस अनूठी प्रस्तुति का आनंद लें।उल्लेखनीय है कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश पर्व को समर्पित लुधियाना जिले में कुल सात ड्रोन शो करवाए जाएंगे। 16 सितंबर को खन्ना, 17 सितंबर को अनाज मंडी पायल, 18 सितंबर को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल (लड़के) साहनेवाल, 19 सितंबर को एथलेटिक/फुटबॉल ग्राउंड पीएयू लुधियाना, 20 सितंबर को दाखा स्कूल ग्राउंड, 21 सितंबर को अनाज मंडी रायकोट और 22 सितंबर को नई अनाज मंडी जगरांव में ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे।