रामबन, 03 अक्टूबर (हि.स.) : जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर रामबन जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 46 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। रामबन जिला प्रशासन के अनुसार, पहली दुर्घटना मारोग इलाके में टनल टी-2 के पास हुई, जहां एक यात्री वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में करीब 38 यात्री घायल हुए। घायलों को बचाने के लिए मौके पर जा रहा क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) का वाहन भी इसी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। पहले हादसे में एक महिला की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल रामबन में चल रहा है। प्रशासन ने घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने रामबन के उपायुक्त से बात कर गंभीर रूप से घायलों को जीएमसी जम्मू ले जाने और उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश सुनिश्चित किए हैं। उन्होंने मृतक महिला के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर जताया दुख
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दो हादसों में महिला की मौत, 46 घायल
मारोग में यात्री वाहन और मदद के लिए जा रहा क्यूआरटी वाहन दुर्घटनाग्रस्त
By :
Just Click National
,
Harpreet Singh
•