हिमाचल में बारिश के चलते अलर्ट्स जारी

हिमाचल में रेड अलर्ट के बीच बारिश जारी, कई जिलों में स्कूल बंद, भूस्खलन से सड़कें और एनएच प्रभावित

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश चल रही है। आईएमडी ने चम्बा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। भूस्खलन से प्रभावित शिमला के कई क्षेत्रों में 16 सड़के बंद हैं।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
हिमाचल में रेड अलर्ट के बीच बारिश जारी, कई जिलों में स्कूल बंद, भूस्खलन से सड़कें और एनएच प्रभावित

शिमला, (हि.स.) हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मानसून के बीच मंगलवार को भी कई इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, सिरमौर और चम्बा जिलों के लिए आज अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में ओरेंज और येलो अलर्ट है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान चम्बा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, शिमला, सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में फ्लैश फ्लड का जोखिम भी जताया है। राजधानी शिमला में बीती रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है और कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में लगातार दूसरे दिन भी शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं। कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में मंगलवार को भी सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके अलावा शिमला जिले के ठियोग उपमंडल, कुल्लू जिले के आनी और निरमंड उपमंडलों तथा चम्बा जिले के चुराह और सलूणी उपमंडलों में भी सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, आंगनवाड़ी केंद्र और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया है। शिमला जिले के ठियोग उपमंडल में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है, जिससे 16 सड़कें बंद हो गई हैं। कई क्षेत्रों में यातायात प्रभावित है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।