आयुष मंत्री ने दिया एम्स स्थापना का आश्वासन

हिमाचल में एम्स आयुर्वेद की स्थापना की तैयारी, नादौन में 70 एकड़ जमीन का प्रस्ताव

इस अवसर पर हिमोशधाम वैलनैस पैक और आयुष विभाग की नई वैबसाइट का शुभारंभ भी किया गया।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
हिमाचल में एम्स आयुर्वेद की स्थापना की तैयारी, नादौन में 70 एकड़ जमीन का प्रस्ताव

शिमला, 23 सितंबर (हि.स.) : आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने हिमाचल प्रदेश में एम्स आयुर्वेद की स्थापना को लेकर आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के धनैटा में इस परियोजना के लिए करीब 70 एकड़ भूमि केंद्र सरकार को उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इस प्रस्तावित परियोजना की लागत करीब 1 हज़ार करोड़ रुपए की है, जिसमें राज्य सरकार ने 300 करोड़ रुपए की अपनी हिस्सेदारी देने की प्रतिबद्धता जताई है। गोमा ने यह जानकारी बुधवार को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करते हुए दी। वहीं, वर्ष 2026-27 के बजट में आयुष क्षेत्र के लिए 379 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत 60 करोड़ रुपए उपलब्ध करवाए गए हैं। गोमा ने बताया कि प्रदेश में 1,241 आयुष संस्थान कार्यरत हैं और आयुर्वेद को संस्थागत रूप से विकसित करने के साथ साथ पंचकर्म, योग और अन्य विशिष्ट उपचार पद्धतियों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर शिमला के रिज मैदान पर 23 से 25 सितंबर तक तीन दिवसीय प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इस प्रदर्शनी में मर्म चिकित्सा, अग्निकर्म, रक्तमोक्षण एवं जलौका चिकित्सा, नाड़ी और प्रकृति परीक्षण, पंचकर्म, योग, आयुर्वेदिक आहार, जीवनशैली, हिमोशधाम के उत्पाद और औषधीय पौधों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आयुष विभाग के सचिव ए. शैनामोल ने बताया कि आयुष ओपीडी में मरीजों की संख्या वर्ष 2021-22 में 25.30 लाख से बढ़कर 2025-26 में 36.94 लाख हो गई है। आयुर्वेदिक अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या भी 3.56 लाख से बढ़कर 6.74 लाख हुई है। इस अवसर पर हिमोशधाम वैलनेस पैक और आयुष विभाग की नई वेबसाइट का शुभारंभ भी किया गया। समारोह में किसानों, नर्सरी संचालकों और मान्यता प्राप्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से जुड़े लोगों का सम्मान भी किया गया।