नशे के खिलाफ जागरूकता रैली में होंगे शामिल

सीएम सुक्खू 1 से 3 अक्तूबर तक रोहड़ू, चिड़गांव और रामपुर के दौरे पर

इस दौरान वे विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ स्थानीय लोगों तथा विद्यार्थियों से संवाद करेंगे

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
सीएम सुक्खू 1 से 3 अक्तूबर तक रोहड़ू, चिड़गांव और रामपुर के दौरे पर

शिमला, 30 सितंबर (हि.स.) : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपने निर्धारित दौरा कार्यक्रम के तहत 1 से 3 अक्तूबर तक शिमला जिले के रोहड़ू, चिड़गांव, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ स्थानीय लोगों तथा विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम भी उनके दौरे का प्रमुख हिस्सा होंगे। सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री 1 अक्तूबर को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई) का दौरा करेंगे। यहां वे विद्यार्थियों से संवाद करने के साथ ‘एंटी चिट्टा रैली’ को हरी झंडी दिखाकर उसमें शामिल होंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से चिड़गांव पहुंचेंगे, जहां नगर पंचायत मैदान में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री संदाशु स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के विश्राम गृह पहुंचने के बाद शाम को ग्राम पंचायत दियुड़ी मायला के गांव भटवारी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां वे स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों के साथ संवाद करेंगे। उनका रात्रि ठहराव भटवारी में होगा। 2 अक्तूबर को मुख्यमंत्री भटवारी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे रामपुर के शिंगला हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान वे नोग घाटी के लोगों से भी संवाद करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री तकलेच और काशा गांव का दौरा करेंगे। काशा में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों के साथ बातचीत करेंगे। 2 अक्तूबर की रात उनका ठहराव पट गांव में होगा। 3 अक्तूबर को मुख्यमंत्री पट गांव से नोगली जाएंगे और वहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पदम उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई), रामपुर में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और ‘एंटी चिट्टा रैली’ को हरी झंडी दिखाकर उसमें शामिल होंगे। दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री शिंगला हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा शिमला के अनाडेल हेलीपैड लौटेंगे।