युवक की करंट लगने से मौत

पानीपत: खेत में पानी लगाने गए युवक की करंट लगने से मौत

पानिपत के कवि गांव में एक युवक ने धान फसल की सिंचाई करते हुए अपनी ट्यूबवेल से जुड़े स्टार्टर को चालू किया, जिसके कारण तेज करंट लगने पर मारा गया।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur

पानीपत: खेत में पानी लगाने गए युवक की करंट लगने से मौत

पानीपत, (हि.स.) पानीपत के गांव कवि में शुक्रवार को खेतों में धान की फसल में पानी चलाने गए एक युवा की ट्यूबवेल के स्टार्टर से करंट लगने के कारण मौत हो गई। मृतक युवक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था, जो अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ-साथ अपने स्वर्गीय बड़े भाई के तीन बच्चों का भी लालन पालन कर रहा था। मृतक के चाचा सत्यवान ने बताया कि उनका 35 वर्षीय भतीजा अनिल शुक्रवार की सुबह रोजाना की तरह अपने खेतों में धान की फसल में पानी की सिंचाई करने के लिए घर से निकला था। अनिल के जाने के करीब आधा घंटे बाद जब सत्यवान भी किसी काम से खेतों की तरफ गए, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खेत में बने कोठड़े के पास अनिल ट्यूबवेल के स्टार्टर के नजदीक जमीन पर पड़ा हुआ था और उसके हाथों में बिजली का नंगा तार था। सत्यवान ने जब पास जाकर देखा तो अनिल की सांसें थम चुकी थीं और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार, अनिल जब खेत में पानी चला रहा था, तभी अचानक बिजली के उतार-चढ़ाव या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण ट्यूबवेल बंद हो गई थी। बंद पड़ी ट्यूबवेल को दोबारा चालू करने के लिए अनिल जैसे ही स्टार्टर के बटन के पास आया और उसने बटन दबाया, तो वहां आ रहे तेज करंट की चपेट में वह आ गया।
               करंट इतना जोरदार था कि अनिल को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सत्यवान ने बताया कि अनिल अभी अविवाहित था। अनिल के बड़े भाई की करीब 8 साल पहले ही असमय मौत हो चुकी है। बड़े भाई की मौत के बाद उनके पीछे परिवार में 3 छोटे बच्चे जिनमें दो बेटियां और एक बेटा अनाथ हो गए थे। अनिल ने शादी न करके अपने स्वर्गीय भाई के तीनों बच्चों के पालन-पोषण, उनकी पढ़ाई-लिखाई और घर में रहने वाले अपने बुजुर्ग माता-पिता की सेवा का पूरा जिम्मा अपने कंधों पर ले रखा था।