फरीदाबाद, 31 अगस्त (हि.स.) : फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र की पर्वतीय पुलिस चौकी इलाके में स्थित सुभाष चौक पर रविवार देर रात बालाजी हैल्थ केयर मैडीकल स्टोर में अचानक आग लग गई। दुकान के अंदर से तेज धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हडक़ंप मच गया। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दुकान के अंदर दवाइयों और मैडीकल सामान की अधिकता के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। जानकारी के मुताबिक सुभाष चौक के पास बालाजी हैल्थ केयर के नाम से मैडीकल स्टोर है। रविवार देर रात के बीच दुकान के अंदर अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों ने तुरंत मैडीकल स्टोर संचालक को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही संचालक मौके पर पहुंचे। इससे पहले स्थानीय लोगों ने दुकान खोलकर आग बुझाने की कोशिश की। आसपास से पानी लाकर आग पर डाला गया, लेकिन दुकान में बड़ी मात्रा में दवाइयां, मैडीकल उपकरण और लकड़ी की रैक होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते रैक और दुकान के अंदर रखा सामान आग की चपेट में आ गया। घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलने के बाद पर्वतीय पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची और पुलिस और फायर कर्मियों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। मैडीकल स्टोर संचालक ने बताया कि आग में दुकान पूरी तरह जल गई है। दुकान के अंदर रखी दवाइयां, मैडीकल उपकरण, सीसीटीवी कैमरे, फ्रिज, लकड़ी की रैक और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। संचालक के अनुसार आग से करीब 7 से 8 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। पर्वतीय चौकी इंचार्ज महेश कुमार ने बताया कि दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। वहीं फायर स्टेशन अफसर राकेश कुमार ने बताया कि सुभाष चौक के पास मैडीकल स्टोर में आग लगने की सूचना मिलने के बाद एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पर्वतीय चौकी इलाके के सुभाष चौक का मामला
फरीदाबाद में मैडीकल स्टोर में लगी आग से लाखों का नुक्सान
फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक सब जलकर खाक हो गया।
By :
Just Click National
,
Sukhwinder Kaur
•
टैग्स:
medical store fire
accidental fire
medical equipment damage
fire incident Ferozabad
emergency medical supply loss
संबंधित सामग्री
जलपाईगुड़ी के राजगंज ब्लाक में भीषण आगजनी में घर जलकर राख
स्थानीय निवासियों ने करीब 1 घंटे तक आग बुझाने के प्रयास किए।