छात्रों ने स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा

दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान शुरू

इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर से कमला नेहरू रिज तक सफाई की गई और प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान शुरू

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और अधिकारियों के साथ सफाई अभियान में भाग लिया। अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर से लेकर कमला नेहरू रिज तक सफाई की गई और प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली। अभियान की शुरुआत सुबह 7:30 बजे ग्वायर हॉल हॉस्टल के पास गोलचक्कर से हुई। मुख्यमंत्री अपनी टीम के साथ पीजी मेन्स हॉस्टल और विश्वविद्यालय अतिथि गृह होते हुए कमला नेहरू रिज पहुंचीं। पूरे मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया। विश्वविद्यालय परिसर के साथ गेट नंबर एक के सामने स्थित कमला नेहरू रिज को भी अभियान में शामिल किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, कॉलेज ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो, नगर निगम उत्तरी क्षेत्र की उप आयुक्त श्वेता नागरकोटी, विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, पूर्व महापौर राजा इकबाल सिंह और गांधी भवन के निदेशक प्रो. के. पी. सिंह समेत शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और डूसू पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी हिस्सा लिया। अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. के. पी. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ और नारा ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ रखा गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।