25वें गणेश महोत्सव में दिखेगी भारत की संस्कृति

‘विघ्नहर्ता से विकासकर्ता’ की थीम पर सजेगा गणेश महोत्सव का पंडाल

पंडाल में द्वादश ज्योतिर्लिंगों के थीम के साथ रुक्मिणी माता, संत ज्ञानेश्वर सहित महात्यम् प्रतिमाओं का समावेश होगा।

By : Sukhwinder Kaur , Just Click National
‘विघ्नहर्ता से विकासकर्ता’ की थीम पर सजेगा गणेश महोत्सव का पंडाल

नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.) : राजधानी में गणपति महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। लक्ष्मी नगर स्थित श्री गणेश सेवा मंडल, दिल्ली (रजि.) की ओर से 14 से 25 सितंबर तक प्रियदर्शनी विहार स्थित डीडीए मिनी क्रिकेट स्टेडियम, बैंक एन्क्लेव में 25वां गणेश महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘विघ्नहर्ता से विकासकर्ता—25 वर्ष की आस्था, 2047 विकसित आधुनिक भारत का संकल्प’ रखी गई है। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र लड्डा ने बताया कि सिल्वर जुबली वर्ष को विशेष बनाने के लिए भारत की सांस्कृतिक विरासत से लेकर आधुनिक एवं आत्मनिर्भर भारत की विकास यात्रा को महोत्सव से जोड़ा गया है। थीम के तहत गणपति बप्पा के हाथों में मेड इन इंडिया ड्रोन, ब्रह्मोस मिसाइल और सेमीकंडक्टर प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव स्थल पर गणपति बप्पा ‘दिल्ली का महाराजा’ की भव्य मंगलमूर्ति के साथ विट्ठल भगवान, रुक्मिणी माता, संत ज्ञानेश्वर, संत तुकाराम और खाटू श्याम महाराज की प्रतिमाएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पंडाल को द्वादश ज्योतिर्लिंग की थीम पर सजाया जाएगा, जिसमें मुख्य द्वार पर केदारनाथ मंदिर सहित 12 ज्योतिर्लिंगों की कलात्मक प्रस्तुति होगी। लड्डा ने बताया कि 14 सितंबर को शाम चार बजे ‘अनेकता में एकता’ की थीम पर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियां और 52 शक्तिपीठों की प्रस्तुति की जाएगी। शाम छह बजे मंगलमूर्ति की स्थापना होगी। महोत्सव का समापन 25 सितंबर को छप्पन भोग, महाआरती और गणपति बप्पा के विसर्जन के साथ होगा।