नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.) : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज दिल्ली के बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली से दक्षिण और मध्य दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को नया वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक बने इस कॉरिडोर पर बीच में कोई अवरोधक नहीं होगा और यह पूरा मार्ग सिग्नल फ्री रहेगा। इससे वाहन चालकों को आईटीओ, रिंग रोड और डीएनडी के अलावा एक और विकल्प उपलब्ध होगा। लक्ष्मी नगर, शकरपुर, पटपड़गंज, आनंद विहार, कड़कड़डूमा, विवेक विहार, वसुंधरा एन्क्लेव और दल्लूपुरा के लोगों को भी दक्षिण दिल्ली जाने में सुविधा होगी। फ्लाईओवर के शुरू होने से सराय काले खां की ओर जाने के लिए पुराने मार्गों पर निर्भरता कम होने तथा विकास मार्ग और आईटीओ की ओर यातायात का दबाव घटने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे। उद्घाटन समारोह को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। सराय काले खां, महारानी बाग और आश्रम चौक के आसपास यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। पुलिस ने लोगों से इस दौरान इन मार्गों से बचने की अपील की है।
पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली का सफर होगा आसान
बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर का आज उद्घाटन करेंगे अमित शाह
करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के शुरू होने से आने-जाने वाले लोगों को नया वैकल्पिक मार्ग मिलेगा
By :
Just Click National
,
Sukhwinder Kaur
•