कोलकाता, 30 सितंबर (हि. स.) : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भारत छोड़ो आंदोलन के अमर बलिदानी वीर चुनाराम महतो और वीर गोविंद महतो को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने 30 सितंबर 1942 को मानभूम के मानबाजार में हुए ऐतिहासिक संघर्ष और दोनों क्रांतिकारियों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर दोनों स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर 1942 को मानभूम, पुरुलिया के मानबाजार की धरती पर वीर चुनाराम महतो और वीर गोविंद महतो ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, 29 सितंबर 1942 को स्वतंत्रता सेनानियों ने बांदवान और बराभूम थानों को अंग्रेजों के नियंत्रण से मुक्त कराकर वहां पहली बार भारतीय तिरंगा फहराया था। इसके अगले दिन मानबाजार थाना पर कब्जे की रणनीति के दौरान ब्रिटिश सेना की गोलीबारी में दोनों क्रांतिकारी शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में दोनों सेनानियों का साहस, बलिदान और देशभक्ति हमेशा याद की जाएगी। मुख्यमंत्री ने वीर चुनाराम महतो और वीर गोविंद महतो को शत-शत नमन करते हुए कोटि-कोटि श्रद्धांजलि अर्पित की।