नर्सिंग होम के बाहर हंगामा करते परिजन

नर्सिंग होम में मरीज की मौत, परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन

सिलीगुड़ी में एक मरीज़ की नर्सिंग होम में मौत हाे गई । परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए खुब हंगामा किया और सड़क जाम करके विरोध प्रदर्शन किया।

By : Just Click National , Harpreet Singh
नर्सिंग होम में मरीज की मौत, परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन

सिलीगुड़ी, 11 अगस्त (हि.स.) सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित एक नर्सिंग होम में गत रात्रि एक मरीज की मौत हो गई। इस पर गुस्साए मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए खूब हंगामा किया। उन्होंने दावा किया कि नर्सिंग होम में भर्ती करवाने के कुछ ही घंटों के भीतर मरीज की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने नर्सिंग होम परिसर में प्रदर्शन करने के साथ सेवक रोड की मुख्य सड़क जाम करके विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर भक्तिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक की पहचान पवन शाह के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के गुरुंग बस्ती इलाके के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, करीब तीन दिन पहले पवन शाह का तबीयत खराब होने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार शुरुआती इलाज के दौरान उनकी हालत सामान्य थी। बाद में अचानक अस्पताल की ओर से परिवार को बताया गया कि मरीज की स्थिति ठीक नहीं है और बेहतर इलाज की जरूरत है।
           इस पर परिजनों द्वारा सोमवार दोपहर पवन शाह को सेवक रोड स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती करवाया गया। परिवार का आरोप है कि भर्ती करवाने के बाद उन्हें मरीज से मिलने नहीं दिया गया और न ही मरीज के स्वास्थ्य संबंधी उन्हें बताया जा रहा था। परिजनों के अनुसार रात को उन्हें पवन शाह की मौत की जानकारी मिली। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। परिजनों ने बाद में सेवक रोड की मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही भक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए स्थिति को सामान्य करवाया। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।