जयपुर, (हि.स.) राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। हालांकि मौसम विभाग ने शनिवार को जालोर और सिरोही जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के 18 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 2 अगस्त तक दक्षिणी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी, लेकिन 3 अगस्त से मानसून के कमजोर पड़ने के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। कोटा, प्रतापगढ़ और सिरोही में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि जालोर, जयपुर, दौसा, बाड़मेर, अलवर और भरतपुर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बौछारें पड़ीं। प्रतापगढ़ के दलोत और सिरोही के रेवदर में 20-20 मिमी, बाड़मेर के धोरीमन्ना में 16 मिमी, जालोर के जसवंतपुरा में 15 मिमी तथा बाड़मेर के रामसर में 13 मिमी बारिश हुई। प्रदेश में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 11 प्रतिशत कम मापी गई है। इस बीच, बांसवाड़ा जिले के जेतियावाड़ा गांव में शुक्रवार शाम बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी की हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से दो बाइक सवार समेत चार लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 27 वर्षीय लीला डामोर की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित तीन अन्य झुलस गए। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 2 अगस्त तक उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं जयपुर, अजमेर, कोटा और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 3 अगस्त से मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसक सकती है, जिससे बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से उत्तरी क्षेत्रों तक सीमित रह जाएंगी और प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ सकता है।
राजस्थान में मॉनसून की गति धीमी, अलर्ट जारी
राजस्थान में बारिश की रफ्तार पड़ी धीमी, जालोर-सिरोही में ऑरेंज, 18 जिलों में यलो अलर्ट
राजस्थान में मॉनसून की गति फिलहाल धीमी हो गई है। मौसम विभाग ने जालोर और सिरोही में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि अन्य 18 जिलों में यलो अलर्ट है।
By :
Just Click National
,
Kamaljeet Singh Kamal
•