सीईसी के सम्मान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की पहल

ज्ञानेश कुमार को ‘पद्म भूषण’ देने की मांग वाले पोस्टर से कोलकाता में सियासी हलचल

पोस्टरों में चुनाव प्रक्रिया में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान देने की मांग की गई है

By : Just Click National , Kamaljeet Singh Kamal
ज्ञानेश कुमार को ‘पद्म भूषण’ देने की मांग वाले पोस्टर से कोलकाता में सियासी हलचल

कोलकाता, 30 सितंबर (हि.स.) : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘पद्म भूषण’ दिए जाने की मांग को लेकर कोलकाता के विधाननगर इलाके में पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों में चुनाव प्रक्रिया में कुमार की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान देने की मांग की गई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। विधाननगर में लगाए गए पोस्टरों में दावा किया गया है कि ज्ञानेश कुमार ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह मांग पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य द्वारा कुमार को कम से कम ‘पद्म भूषण’ दिए जाने की सार्वजनिक मांग के कुछ दिनों बाद सामने आई है। भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के रुख पर भी सवाल उठाए। एक कार्यकर्ता ने कहा कि चुनाव हारने के बाद विपक्ष संविधान और लोकतंत्र को खतरे में बताता है, जबकि जीत मिलने पर उसी प्रक्रिया को लोकतंत्र की जीत बताता है। वहीं, विपक्षी दलों की ओर से चुनाव आयोग की निष्पक्षता और एसआईआर से जुड़े फैसलों को लेकर आपत्तियां जताई जा रही हैं। ऐसे में विधाननगर में लगाए गए पोस्टरों ने चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर जारी राजनीतिक बहस को और चर्चा में ला दिया है।