मुजफ्फरपुर, 13 सितंबर (हि.स.) : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के समीप रविवार अहली सुबह बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने करीब 22 राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने वारदात से पहले स्कूल के मुख्य गेट पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा पर्चा चिपकाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलमेट पहने दो बाइक सवार बदमाश स्कूल के आसपास घूमते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग करते रहे। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायरिंग के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर कई खोखे बरामद किए। स्कूल के गेट, बाउंड्री वॉल और दीवार पर गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस ने स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवक दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनके आने-जाने के रास्तों की पहचान कर रही है। एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस रंगदारी मांगने के कारणों के साथ स्कूल से जुड़े संभावित जमीन विवाद समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गोलियों की गूंज से थर्रा उठा इलाका, लोग सहमे
मुजफ्फरनगर में स्कूल के गेट पर 22 राउंड फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी का पर्चा चिपकाया
पुलिस रंगदारी मांगने के कारणों के साथ स्कूल से जुड़े संभावित जमीन विवाद समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
By :
Sukhwinder Kaur
,
Just Click National
•