एफ.आर.आर.ओ. ने जारी किया था लुकआउट सर्कुलर

भारत-नेपाल सीमा पर अफगानिस्तानी युवक गिरफ्तार

आरोप है कि वह पैसों के बदले फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार करवाता था

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
भारत-नेपाल सीमा पर अफगानिस्तानी युवक गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 24 अगस्त (हि. स.) : भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी इमीग्रेशन कार्यालय से एक अफगानिस्तानी युवक को गिरफ्तार किया गया है। नेपाल जाने से पहले इमीग्रेशन कार्यालय पहुंचने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके साथ उसके भारतीय दोस्त को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अब्दुल्ला खान के रूप में हुई है। उसके पास से भारतीय आधार कार्ड, वोटर कार्ड, बैंक अकाउंट और ड्राइविंग लाइसैंस बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफ.आर.आर.ओ.) की ओर से उसके खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। पुलिस के अनुसार अब्दुल्ला खान लंबे समय से हावड़ा के शिवपुर इलाके में रहता था। आरोप है कि वह पैसों के बदले फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार करवाता था। उसके साथ रहने वाले भारतीय दोस्त की पहचान शंकर बनिक के रूप में हुई है, जो विधाननगर के दत्ताबाद का निवासी है। दोनों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को दोनों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश करेगी। मामले की जांच खोरीबाड़ी थाने की पुलिस कर रही है।