कमर्शियल सिलेंडर 80 रुपये महंगा

ई-केवाईसी नहीं कराने पर गैस कनेक्शन की सुविधाएं हो सकती हैं बंद

धमतरी में 25 हजार उपभोक्ताओं ने कराई ई-केवाईसी, पांच हजार की प्रक्रिया अभी बाकी

By : Just Click National , Harpreet Singh
ई-केवाईसी नहीं कराने पर गैस कनेक्शन की सुविधाएं हो सकती हैं बंद

धमतरी, 02 अक्टूबर (हि.स.) : गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी कर दिया गया है। धमतरी शहर में इंडेन गैस के 25 हजार से अधिक उपभोक्ता ई-केवाईसी करा चुके हैं, जबकि करीब पांच हजार उपभोक्ताओं ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति समेत अन्य सुविधाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इंडेन गैस संचालक प्रियेश अग्रवाल ने बताया कि गैस कंपनियों के निर्देश के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। इसके लिए उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी कार्यालय में आधार कार्ड और गैस कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आगे तत्काल गैस सिलेंडर मिलने में परेशानी हो सकती है। वहीं, अतिरिक्त स्टॉक की व्यवस्था भी ई-केवाईसी कराने वाले उपभोक्ताओं की संख्या के आधार पर प्रभावित हो सकती है। धमतरी जिले में इंडेन के अलावा एचपी गैस और भारत गैस के भी हजारों उपभोक्ता हैं। इधर, एक अक्टूबर से 19 किलो के व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 80 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पिछले महीने तक 19 किलो का व्यवसायिक सिलेंडर 3000.50 रुपये में मिल रहा था, जिसकी कीमत अब बढ़कर 3079.50 रुपये हो गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और खाने-पीने से जुड़े कारोबारों की लागत बढ़ने की आशंका है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।