भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.) : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार भोपाल पहुंचे। दिल्ली में व्यस्तता के चलते उनके रवाना होने में करीब ढाई घंटे की देरी हुई। इसके कारण उनके स्वागत का निर्धारित कार्यक्रम भी बदलना पड़ा। स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। शाह के देर से पहुंचने के कारण स्टेट हैंगर पर पहले से पहुंचे कुछ मंत्रियों और विधायकों को वापस लौटना पड़ा। उनके आगमन के समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हेमंत खंडेलवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शाह का स्वागत करते हुए कहा कि उनके प्रवास से प्रदेश के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी। शनिवार को शाह भोपाल में आयोजित गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्यों के पहुंचने की तैयारी है। सम्मेलन में कृषक कल्याण वर्ष के तहत किए गए कार्यों और बलराम कृषि महोत्सव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस वितरण, गौशालाओं को आर्थिक सहायता और गोपालक दीदियों के सम्मान का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इस दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और डेयरी प्रसंस्करण से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी भी शाह के समक्ष रखी जाएगी। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा डेयरी प्लांट और भोपाल में 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट प्रमुख हैं। शाह शनिवार को बीएचईएल दशहरा मैदान, गोविंदपुरा में नवीन न्याय संहिताओं पर आयोजित पांच दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। यह प्रदर्शनी 3 से 7 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें अपराध की सूचना मिलने से लेकर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने, फॉरेंसिक जांच, अपराधियों की पहचान और न्यायिक प्रक्रिया तक की जानकारी लाइव डेमो के माध्यम से दी जाएगी। प्रदर्शनी में क्राइम सीन के 3डी मॉडल, डिजिटल डिस्प्ले, वीडियो और लाइव डेमो के जरिए आधुनिक वैज्ञानिक अन्वेषण प्रणाली को समझाया जाएगा। साइबर अपराध से बचाव के लिए 'सेफ क्लिक अभियान', ई-जीरो एफआईआर, ऑपरेशन मुस्कान, महिला हेल्प डेस्क और 'से नो टू ड्रग्स' जैसे अभियानों की जानकारी भी दी जाएगी। नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए नवीन न्याय संहिताओं पर आधारित डिजिटल क्विज भी आयोजित होगा।
गोपालक सम्मेलन में होंगे शामिल
देर रात भोपाल पहुंचे अमित शाह, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत
गोपालक सम्मेलन में शामिल होने के साथ नवीन न्याय संहिताओं पर आयोजित पांच दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे
By :
Just Click National
,
Kamaljeet Singh Kamal
•
टैग्स:
Indiana Amrit Shah Gopalkut
police reform
new criminal law
dairy industry
Madhya Pradesh farmers
cybercrime prevention
संबंधित सामग्री
शाह ने 2029 तक मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने का रखा लक्ष्य
नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य नागरिकों के सम्मान, संपत्ति और शरीर की सुरक्षा सुनिश्चित करना है
मप्रः किसानों की मांगों पर कृषि मंत्री कंषाना ने दिया सकारात्मक आश्वासन
मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने मंगलवार देर शाम किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।