जलस्तर 94% पार होने पर निचले इलाके में अलर्ट

मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़ा, 49,828 क्यूसेक पानी छोड़ा

विभाग द्वारा हसदेव नदी के किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़ा, 49,828 क्यूसेक पानी छोड़ा

बांध का दृश्य

कोरबा, 17 अगस्त (हि. स.) : भारी बारिश के चलते बढ़ रहे जलस्तर के बाद काेरबा जिले के मिनीमाता हसदेव बांगो बांध से पानी छोड़ा गया है। जल संसाधन विभाग ने सुबह करीब 10 बजे से अतिरिक्त 8,828 क्यूसेक पानी छोड़ा, जिसके बाद कुल जल छोड़ाव बढ़कर 49,828 क्यूसेक प्रति सैकेंड हो गया है। विभाग द्वारा हसदेव नदी के किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। जलाशय की ताजा स्थिति के अनुसार सुबह बांध का जलस्तर 358.70 मीटर दर्ज किया गया, जो कुल क्षमता का करीब 94.24 प्रतिशत है। पिछले 10 घंटे में जलस्तर में करीब 7 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। वर्तमान में बांध के 9 गेट खुले हैं और इनसे करीब 41,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जल निकासी की प्रक्रिया 16 अगस्त की सुबह से लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे से लगभग दो घंटे तक क्षेत्र में तेज बारिश हुई। सोमवार सुबह भी करीब 45 मिनट तक तेज बारिश जारी रही। लगातार बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक बढ़ रही है। इसी को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने गेटों से पानी के डिस्चार्ज की मात्रा बढ़ाने का निर्णय लिया है। संबंधित विभाग के कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती ने बताया कि जलाशय में पानी की आवक और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए गेटों से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई जा रही है।