100 ग्राम सभाएं बाढ़ की चपेट में

 गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर

प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर राहत, भोजन, दवाओं और नावों की व्यवस्था तेज कर दी है

By : Just Click National , Harpreet Singh
 गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर

फर्रुखाबाद, 25 अगस्त (हि.स.)  गंगा नदी का जलस्तर मंगलवार को खतरे के निशान 137.10 मीटर पर पहुंच गया। इसके चलते करीब 100 ग्राम सभाएं बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। कई गांवों में पानी भर जाने से लोग घरों की छतों पर रहने को मजबूर हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में दिन का चैन और रात की नींद हराम हो गई है। जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। गंगा पार क्षेत्र के राजेपुर निवासी प्रधान प्रदीप गुप्ता ने बताया कि गंगा का पानी राजेपुर की सड़कों पर बह रहा है। तहसील, ब्लॉक कार्यालय और स्कूल भी जलमग्न हो गए हैं, जिससे सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए शरणालय बनाए गए हैं। प्रभावित लोगों को राशन, दवाएं और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, सड़क किनारे पॉलीथिन तानकर रह रहे लोगों को लगातार हो रही बारिश से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंझा की मड़ैया, चाचूपुर और लड़कातक समेत कई क्षेत्रों में पानी पहुंचने से ग्रामीण सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के खतरे को लेकर चिंतित हैं। गंगा पार क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि गंगा और रामगंगा दोनों नदियों में आने वाली बाढ़ उनके लिए हर वर्ष बड़ी मुसीबत बन जाती है। बाढ़ के कारण फसलें बर्बाद हो जाती हैं, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ जाती है और बच्चों की पढ़ाई तथा शादी-विवाह तक प्रभावित होते हैं। गांव बरुआ निवासी योगेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश लोगों की आजीविका खेती पर निर्भर है। खेतों में खड़ी फसल बाढ़ के पानी में पूरी तरह नष्ट हो गई है। इससे गंगा पार क्षेत्र में ग्रामीणों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है और अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। प्रभावित लोगों के लिए भोजन और दवाओं की व्यवस्था की जा रही है। जिन गांवों में पानी अधिक भर गया है, वहां नावों की व्यवस्था कर उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। सभी बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं और पल-पल की सूचना जिला मुख्यालय को उपलब्ध करा रही हैं।

संबंधित सामग्री

लखीमपुर खीरी से जल भरते 4 कांवड़िये डूबे; 3 को निकाला 1 लापता

लखीमपुर खीरी से जल भरते 4 कांवड़िये डूबे; 3 को निकाला 1 लापता

फर्रुखाबाद के पांचालघाट पर लखीमपुर खीरी से जल भरने आए 65 कांवड़ियों में से चार गंगा में डूब गए।