फतेहाबाद में ऑनलाइन धोखाधड़ी की गिरफ्तारी

फतेहाबाद में पांच लाख की साइबर ठगी का आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद में पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के लिए जिम्मेदार आरोपी रामबालक वर्मा को गिरफ़्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान यूपी के गांव कदेवरिया निवासी राम बालक वर्मा के रूप में हुई है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
फतेहाबाद में पांच लाख की साइबर ठगी का आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

फतेहाबाद, (हि.स.) थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से जालसाजी कर पांच लाख रुपये उड़ाने के मामले में उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान यूपी के प्रतापगढ़ जिले के गांव कदेवरिया निवासी राम बालक वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी कर दिए। शनिवार को थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि इस ठगी को लेकर गांव रत्ताथे निवासी सतनाम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़त के अनुसार, 20 नवंबर 2025 को अचानक उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने का एक मैसेज आया। जब उन्होंने बैंक जाकर अपने खाते की स्टेटमेंट चेक की, तो उनके होश उड़ गए। अज्ञात साइबर अपराधियों ने चालाकी से उनके खाते से कुल पांच लाख रुपये साफ कर दिए थे। इसके तुरंत बाद पीडि़त ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद 31 दिसंबर 2025 को थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पोर्टल से मिली शिकायत, बैंक खातों के लेन-देन की बारीकी से जांच और अन्य साइबर व तकनीकी साक्ष्यों को खंगालने के बाद पुलिस टीम आरोपी राम बालक वर्मा तक पहुंचने में कामयाब रही। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है, लेकिन मामले की फाइल बंद नहीं हुई है। इस ठगी के पीछे एक पूरा गिरोह काम कर रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से मिली लीड्स के आधार पर इस रैकेट में शामिल अन्य साइबर अपराधियों की धरपकड़ और ठगे गए पांच लाख रुपये की रिकवरी के लिए गहनता से छानबीन कर रही है।