पश्चिम बर्दवान, 01 सितंबर (हि. स.) : शिल्पांचल के लिए गर्व और खुशी की खबर है। दुर्गापुर के युवा प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिप्राय विश्वास का चयन भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। इस उपलब्धि के साथ अभिप्राय ने न केवल दुर्गापुर बल्कि पूरे पश्चिम बर्दवान जिले का नाम रोशन किया है। उनके चयन की खबर सामने आते ही खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। छोटे शहर से निकलकर देश की जर्सी तक पहुंचने का उनका यह सफर कड़ी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों की एक प्रेरणादायक कहानी है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है। भारत की अंडर-19 टीम में चयन के बाद मंगलवार को अभिप्राय अपनी मां के साथ कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स पहुंचे। वहां क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने उनसे विशेष मुलाकात की। सौरव गांगुली ने युवा खिलाड़ी अभिप्राय विश्वास को उनकी इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उन्हें दो क्रिकेट बैट उपहार में भेंट किए। इस दौरान गांगुली ने उनका उत्साह बढ़ाते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अभिप्राय को अब बंगाल की सीनियर टीम और उसके बाद भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए। अभिप्राय की सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत के साथ-साथ परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अपनी मां के साथ ईडन गार्डन्स पहुंचकर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सौरव गांगुली से मुलाकात करना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना अभिप्राय के जीवन के सबसे यादगार पलों में शामिल हो गया है। अभिप्राय विश्वास की यह उपलब्धि दुर्गापुर और पूरे शिल्पांचल के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है। कम सुविधाओं के बावजूद बड़े सपने देखने वाले युवाओं के लिए उनका संघर्ष और सफलता एक मिसाल है। अब दुर्गापुर समेत पूरे पश्चिम बर्धमान की निगाहें अभिप्राय के आगामी क्रिकेट सफर पर टिकी हैं। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि शिल्पांचल का यह होनहार खिलाड़ी एक दिन भारतीय सीनियर टीम की नीली जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मैदान पर देश का नाम रोशन करेगा।
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने की विशेष मुलाकात
दुर्गापुर का अभिप्राय विश्वास करेगा देश का नाम रोशन, भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयनित
विश्वास का चयन शिल्पांचल के लिए गर्व की बात है। इससे खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
By :
Sukhwinder Kaur
,
Just Click National
•
टैग्स:
cricket player
under-19 selection
durgaipur
west bengal youth inspiration
cricket coach mentorship
inspirational success story
संबंधित सामग्री
आईसीसी महिला टी-20 रैंकिंग में चमारी अटापट्टू का जलवा
ऑलराउंडरों की सूची में वह तीसरे स्थान पर कायम हैं।
सीपीएल से जुड़ीं भारतीय क्रिकेटर शिखा, यास्तिका, पूजा और किरण नवगिरे
चारों भारतीय खिलाड़ियों के कैरेबियन प्रीमियर लीग से जुड़ने से आगामी सत्र में भारतीय महिला क्रिकेटरों की मौजूदगी और मजबूत होगी।