हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

कार-स्कूटी की जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, दोनों वाहन जलकर खाक

 सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
कार-स्कूटी की जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, दोनों वाहन जलकर खाक

रायपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.) : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में डोंगरगढ़-मुरमुंदा रोड पर शनिवार सुबह करीब 4 बजे कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से स्कूटी भी पूरी तरह जल गई। हादसे में किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे के बाद सड़क पर कार के जले हुए अवशेष और क्षतिग्रस्त स्कूटी मिली। दोनों वाहनों के चालक या मालिक के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल सकी है। .प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग गोंदिया निवासी बताए जा रहे हैं। वे राजनांदगांव से डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने के बाद गोंदिया लौट रहे थे। हालांकि कार में कितने लोग सवार थे और हादसे के बाद उनकी स्थिति क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार और स्कूटी की भिड़ंत के बाद स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग भड़क गई। आग तेजी से फैलने के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार पर MH35KR5879 नंबर दर्ज है। डोंगरगढ़ पुलिस वाहन मालिक का पता लगाने के साथ ही पंजीयन संबंधी जानकारी जुटा रही है। पुलिस स्कूटी के मालिक और हादसे के समय उसे चला रहे व्यक्ति की भी तलाश कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच जारी है।