औरैया, 25 अगस्त (हि. स.) : उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छीतापुर में सोमवार देर रात हादसा हो गया। घर के आंगन में टीन शैड के नीचे सो रहे एक ही परिवार के पांच लोग पड़ोसी के कच्चे मकान की जर्जर दीवार भरभराकर गिरने से मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने राहत-बचाव शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से सभी को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए सी.एच.सी. अजीतमल भेजा। हादसे में घायल धीरेंद्र सिंह सेंगर को चिकित्सकों ने रैफर कर दिया। ग्राम छीतापुर निवासी धीरेंद्र सिंह सेंगर सोमवार रात अपनी पत्नी प्रीति, पुत्री आरती, अंकिता और पुत्र अंकुश के साथ घर के आंगन में टीन शेड के नीचे सो रहे थे। रात करीब सवा 12 बजे अचानक पड़ोसी के एक मंजिला कच्चे मकान की जर्जर दीवार भरभराकर टीन शेड के ऊपर जा गिरी। दीवार गिरते ही धीरेंद्र सिंह समेत परिवार के पांचों सदस्य मलबे में दब गए। हादसे की आवाज और चीख-पुकार सुनकर घर के बाहर बने कमरे में सो रहे धीरेंद्र के बड़े भाई विपिन और उनकी पत्नी पूजा तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पड़ोसियों को बुलाकर मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार, कोतवाल विनोद राजपूत, हमराही विकास यादव व सुंदर तथा फायर कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे पांचों लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलैंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों ने धीरेंद्र सिंह की हालत को देखते हुए उन्हें रैफर कर दिया। हादसे के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोसी के मकान की जर्जर कच्ची दीवार को हटाने के लिए संबंधित लोगों से कई बार कहा गया था। उनका कहना है कि दो दिन पहले भी दीवार से कुछ ईंटें गिर चुकी थीं और उस समय भी मकान के बाहर रहने वाले लोगों को दीवार की जर्जर हालत के बारे में बताया गया था। इसके बावजूद दीवार को नहीं हटाया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। राजस्व लेखपाल अमित तिवारी के साथ सीएचसी पहुंचे नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर शासनादेश के अनुसार पीड़ित परिवार को जो भी अनुमन्य राहत होगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं सी.ओ. मनोज गंगवार ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।
अजीतमल थाना क्षेत्र के ग्राम छीतापुर में हुआ हादसा
पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार गिरने से टीन शैड में सो रहे परिवार के 5 लोग दबे
संबंधित मकान मालिक को जर्जर दीवार हटाने के लिए कई बार कहा जा चुका है, लेकिन कोई गौर नहीं की गई, जिससे हादसा हो गया।
By :
Sukhwinder Kaur
,
Just Click National
•
टैग्स:
accidental collapse
family tragedy
rural disaster
construction defect incident
Andraiya
UP disaster
संबंधित सामग्री
भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबने से पिता और 3 बेटियों की मौत, 1 गंभीर
ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे तक मलबा हटाकर सभी पांच लोगों को बाहर निकाला।
उप्र के बहराइच में 12 वर्षीय बालक को मगरमच्छ जिंदा खा गया, नदी में हाथ पैर धो रहा था किशोर
उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में 12 वर्षीय बालक सुनील को मगरमच्छ जिंदा खा गया। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।