चंडीगढ़, 20 सितम्बर (हि.स.) : फरीदकोट पुलिस ने सीमा पार हैरोइन तस्करी नैटवर्क के चार गुर्गों के पास से 47.3 किलोग्राम हैरोइन, तीन .30 बोर पिस्तौलों सहित तीन मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस बरामद करके इस नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। डायरैक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने रविवार काे बताया कि अंकुश निवासी घुबाया (फिरोजपुर), मंगल सिंह निवासी पंजे के उतार (फिरोजपुर), सचिन उर्फ संजू निवासी परभात सिंह वाला (फिरोजपुर) और अनमोल सिंह निवासी लामोचर खुर्द (फिरोजपुर) को गिरफ्तार किया गया है। हैरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली उनकी दो कारें भी जब्त कर ली हैं। डीजीपी ने बताया कि इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए और जांच की जा रही है। कार्रवाई संबंधी विवरण साझा करते हुए सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) गुरबंस सिंह बैंस ने कहा कि निकट भविष्य में आने वाले बाबा फरीद आगमन पर्व के मद्देनजर की गई विशेष नाकाबंदी के दौरान सीआईए फरीदकोट की टीम ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को एक होंडा सिटी कार को रोका और चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 47.3 किलोग्राम हैरोइन की बड़ी खेप सहित गैर-कानूनी हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। एसएसपी ने कहा कि जांच से यह भी पता चला है कि यह गिरोह फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई हैरोइन और हथियारों की खेपें प्राप्त करके राज्य में आगे सप्लाई करता था। इस संबंध में मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ड्रोन से गिराई गई खेपें प्राप्त कर रहा था गिरोह
फरीदकोट में 47 किलो हैरोइन और 3 पिस्तौल सहित 4 तस्कर गिरफ्तार
आरोपियों के पास से गैर-कानूनी हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है।
By :
Just Click National
,
Sukhwinder Kaur
•