बंगाल में बारिश का मौसम, सावधान

दक्षिण बंगाल में बारिश के आसार, उत्तर में भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल में आंशिक से घने बादल और मध्यम बरसात का पूर्वानुमान दिया है। कॉलकाता सहित आसपास के जिलों में दोपहर के बाद बारिश की संभावना है। उतर बंगाल के पहाड़ी तथा तराई क्षेत्रों में भारी वर्षा की आशंका है। जलजमाव और भूस्खलन के खतरे बढ़ रहे हैं

By : Just Click National , Harpreet Singh
दक्षिण बंगाल में बारिश के आसार, उत्तर में भारी वर्षा की चेतावनी

कोलकाता, (हि. स.) पश्चिम बंगाल में मंगलवार को मौसम मिला-जुला रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में आंशिक से घने बादल छाए रहेंगे तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और वज्रपात के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, उत्तर बंगाल के पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। कोलकाता में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कोलकाता सहित हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, नदिया तथा मुर्शिदाबाद जिलों में दोपहर बाद मौसम के बदलने और गरज के साथ वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। राजधानी कोलकाता में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अधिक आर्द्रता के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में मानसूनी गतिविधियां अधिक सक्रिय बनी हुई हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलजमाव तथा पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। मछुआरों और नदी तटीय क्षेत्रों के निवासियों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी संबंधित जिलों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।