धार, 13 अगस्त (हि.स.) : इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर धार के समीप पीपलखेड़ा में गुरुवार सुबह एक यात्री बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार स्कूली बच्चों समेत 19 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए धार के जिला भोज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर कलैक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। प्राप्त जानकारी के अनुसार नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखेड़ा के पास फोरलेन मार्ग पर सुबह करीब 9 बजे हादसा हुआ। गौतम स्कूल की बस विद्यार्थियों को लेने के लिए घाटाबिल्लोद की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी यात्री बस ने स्कूल बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के दौरान पर्याप्त जगह नहीं बचने के कारण यात्री बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बसों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और एंबुलैंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने डायल-112, पुलिस वाहनों और निजी वाहनों की मदद से घायलों को धार जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन मुकुंद बर्मन के अनुसार हादसे के बाद कुल 19 मरीज अस्पताल लाए गए। इनमें 15 महिलाएं, एक स्कूली बच्ची और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
ओवरटेक करने की वजह से हुआ हादसा
निजी बस ने स्कूली बस को ठोका, 4 छात्रों समेत 19 घायल
हादसे में चार स्कूली बच्चों समेत 19 लोग घायल हो गए
By :
Just Click National
,
Sukhwinder Kaur
•