शिमला, (हि.स.) हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से जारी बारिश का दौर गुरुवार को भी बना हुआ है। शिमला, सिरमौर, सोलन, हमीरपुर सहित कई जिलों में सुबह से रुक-रुक कर व्यापक बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई स्थानों पर बरसाती नाले उफान पर बह रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदियों, खड्डों और बरसाती नालों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में बारिश की तीव्रता पिछले दिनों की तुलना में कुछ कम रही, लेकिन कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर जिले के नैना देवी में 56.2 मिलीमीटर, मलरांव में 49.4 मिलीमीटर, कुल्लू जिले के मनाली में 35.0 मिलीमीटर, शिमला जिले के रामपुर में 30.3 मिलीमीटर, बिलासपुर के ब्रह्माणी में 29.4 मिलीमीटर, शिमला जिले के सराहन में 28.7 मिलीमीटर, सिरमौर के नाहन में 27.8 मिलीमीटर, कुल्लू के कोठी में 26.0 मिलीमीटर, शिमला के रोहड़ू में 20.0 मिलीमीटर और खदराला में 19.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। राज्य भर में 250 से अधिक सड़कें बंद हैं, जिससे कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है। कुछ स्थानों पर बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है और कई ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। पेयजल योजनाओं पर भी असर पड़ा है, जिससे कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। संबंधित विभाग सड़कें बहाल करने, बिजली आपूर्ति सामान्य करने और पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
हिमाचल की बारिश भूस्खलन
हिमाचल में बारिश का दौर जारी, नदियां-नाले उफान पर, 29 जुलाई तक येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में तीन-चार दिनों से जारी गंभीर मौसम के कारण बाढ़ और भूस्खलन की खतरनाक स्थिति पैदा हुई है। लगातार हो रही बारिश से नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ गया है।
By :
Just Click National
,
Kamaljeet Singh Kamal
•