उत्तर बंगाल डाकघर में डिजिटल कियोस्क का उद्घाटन

उत्तर बंगाल में पहली बार पोस्ट ऑफिस में शुरू हुई डिजिटल कियोस्क सेवा

उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में पहला डिजिटल कियोस्क शुरू हुआ है, जो नागरिकों को लंबी कतारों से बचाता है। इसमें डाक सामग्री का वजन स्वचालित रूप से किया जाता है और ऑनलाइन भुगतान के बाद सेवा उपलब्ध होती है। इस परियोजना की शुरुआत डाक विभाग के उद्देश्य से समय और कोष बचाने पर आधारित है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
उत्तर बंगाल में पहली बार पोस्ट ऑफिस में शुरू हुई डिजिटल कियोस्क सेवा

सिलीगुड़ी, (हि. स.) डाक सेवाओं को अधिक आधुनिक, तेज़ और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर बंगाल के एक डाकघर में पहली बार अत्याधुनिक डिजिटल कियोस्क मशीन की शुरुआत की गई है। इस नई सेवा का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को सिलीगुड़ी कोर्ट मोड़ स्थित डाकघर में किया गया। इसके साथ ही अब लोगों को चिट्ठी, पार्सल या अन्य डाक सामग्री भेजने के लिए लंबी कतार में खड़े होकर काउंटर पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब निर्धारित समय के दौरान ग्राहक स्वयं डिजिटल कियोस्क का उपयोग कर आसानी से अपनी डाक बुक कर सकेंगे। कियोस्क में डाक सामग्री का वजन स्वतः मापा जाएगा और उसी आधार पर डाक शुल्क निर्धारित होगा। इसके बाद ऑनलाइन भुगतान करने पर डाक सामग्री स्वीकार कर ली जाएगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल और स्वचालित होगी। डाक विभाग के निदेशक एम. सुधाकरा माल्या ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों का समय बचाना और डाक सेवाओं को अधिक सरल, तेज़ तथा पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि पहले ग्राहकों को काउंटर पर लंबी कतार में लगकर डाक जमा करनी पड़ती थी, लेकिन अब वे स्वयं कियोस्क पर जाकर वजन कर सकते हैं, ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं और कुछ ही मिनटों में डाक भेज सकते है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि डिजिटल कियोस्क सेवा प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में कोई भी ग्राहक स्वयं पोस्ट बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेगा। नई सुविधा शुरू होने के बाद आम लोगों में भी उत्साह देखा गया।