मुर्शिदाबाद, 03 सितंबर (हि. स.) : लगातार हो रही बारिश से मुर्शिदाबाद जिले में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। न्यू फरक्का क्षेत्र में रेललाइन धंसने की घटना के बाद गुरुवार सुबह समशेरगंज में भी बड़ा सड़क धंसाव हुआ। डाकबंगला–पाकुड़ रोड पर पलटन ब्रिज के पास सड़क के कई हिस्से धंस जाने से यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया। सूत्रों के अनुसार, धंसाव के कारण एम्बुलैंस, मोटरसाइकिल समेत छोटे-बड़े सभी वाहन रास्ते में फंस गए। स्थिति ऐसी बताई जा रही है कि प्रभावित हिस्से को पैदल पार करना भी मुश्किल हो गया है। समशेरगंज के चांदपुर पलटन ब्रिज से सटे रास्ते पर भी धंसाव होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण धुलियान–पाकुड़ जाने वाला महत्वपूर्ण सड़क मार्ग कई जगह प्रभावित हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए समशेरगंज थाना पुलिस और डाकबंगला सब-ट्रैफिक गार्ड की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है। पुलिस यातायात को नियंत्रित करने के साथ-साथ लोगों और वाहन चालकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण सड़क पर बार-बार धंसाव होने से आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। खासकर आपातकालीन सेवा की एम्बुलैंस के फंसने से चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने सड़क की जल्द मरम्मत कर यातायात सामान्य करने की मांग की है। गौरतलब है कि लगातार भारी बारिश के कारण पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों से धंसाव की खबरें सामने आ रही हैं। मुर्शिदाबाद जिले में गुरुवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर धंसाव की घटनाएं हुईं। समशेरगंज के अलावा न्यू फरक्का जंक्शन से हावड़ा की दिशा में फरक्का और तिलडांगा स्टेशनों के बीच रेललाइन प्रभावित होने से कई हावड़ा जाने वाली ट्रेनों की आवाजाही भी बाधित हुई। इससे पहले बुधवार को भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग में टॉय ट्रेन का लोको शेड क्षतिग्रस्त होने की घटना भी सामने आई थी, जिसमें छह रेलकर्मियों के घायल होने की सूचना है। लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए उत्तर बंगाल के कई जिलों में मौसम संबंधी सतर्कता जारी है।
न्यू फरक्का के बाद अब समशेरगंज में धंसी सड़क, एम्बुलैंस समेत कई वाहन फंसे
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण सड़क पर बार-बार धंसाव होने से भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
संबंधित सामग्री
विंध्य में बाढ़ से बिगड़े हालात, बांधों के गेट खुलने से कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर
रीवा, सतना, मैहर, मऊगंज, सिंगरौली और शहडोल संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
हिमाचल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित; 150 सड़कें बंद, अलर्ट जारी
प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। इस मानसून सीजन में बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं ने प्रदेश में जान-माल को भी भारी नुक्सान पहुंचाया है।
हिमाचल के कई हिस्सों में भारी बारिश, 16 अगस्त तक अलर्ट, मंडी में 245 ट्रांसफार्मर बंद
हिमाचल प्रदेश में माैसम विभाग ने 16 अगसत तक कुछ स्थानों पर बारिश का दाैर जारी रहने का अनुमार जताया है।
पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में आज बारिश के आसार, उमस रहेगी बरकरार
पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राजस्थान में मानसून के जोर से पूरे प्रदेश में ऑरेंज-यलो अलर्ट, माउंट आबू में आठ इंच बारिश
जयपुर: शुक्रवार को रायस्तान के कई जिलों में तेज़ झड़पों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया। मौसम विभाग ने शनिवार 25 जुलाई को ऑरेंज (भारी) और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम अधिक सक्रिय रहने के साथ, कई इलाकों में भारी-बाढ़ की संभावना रहती है।