भागलपुर, (हि.स.) नवगछिया पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो देसी कट्टा तथा 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उक्त आशय की जानकारी गुरुवार को नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की गई। जांच में एक व्यक्ति को अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए देखा गया। इसके बाद गोपालपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की पहली कार्रवाई में तीनटंगा करारी गांव निवासी अनिल कुमार, पिता अवधेश यादव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गुप्त सूचना के आधार पर दूसरी छापेमारी में तीनटंगा करारी बाबू टोला निवासी सुमित कुमार, पिता महेंद्र यादव को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक देसी कट्टा और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ गोपालपुर थाना संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नवगछिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराना दंडनीय अपराध है। पुलिस ने लोगों से कानून का पालन करने और इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।
पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार किए
वायरल वीडियो मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 2 देसी कट्टा और 11 कारतूस बरामद
नवगछिया पुलिस ने सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के आधार पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो देसी कट्टा तथा 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
By :
Just Click National
,
Gurpreet Singh
•