लखनऊ, 24 अगस्त (हि.स.) : उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के गुरुदेव नगर हरगांव की रहने वाली पूनम देवी सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री से मिलीं और गौपालन की अभिलाषा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल उनकी मांगों पर विचार करते हुए अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिया कि इन्हें निराश्रित गाय उपलब्ध करवाई जाए और नियमानुसार योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए। वहीं एक दिव्यांग ने अवैध कब्जे की भी शिकायत की, जिस पर मुख्यमंत्री ने जांच करवाकर निराकरण का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में पूनम देवी ने लिखा कि वह गौपालन करके आत्मनिर्भर बनना चाहती है। अभी उनके पास पांच गाय हैं और अन्य गौमाता को रखने के लिए पर्याप्त जगह भी है। ऐसे में उन्हें और भी गाय दिला दी जाए, जिससे वह दूध आदि की बिक्री कर परिवार को समृद्ध करेगी। इस पर मुख्यमंत्री ने सहभागिता योजना के तहत गौवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश दिए।
गौ सेवा करो, बाधाएं और कष्ट मिटेंगे :
‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी का हालचाल जाना, फिर सभी की समस्याएं भी पूछीं। पूनम का प्रार्थना पत्र पढ़कर मुख्यमंत्री ने उनकी हौसला-अफजाई भी की। मुख्यमंत्री ने पूनम से कहा कि हम आपको सरकार की तरफ से नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। आप गौसेवा कीजिए क्योंकि गौमाता में 33 कोटि देवताओं का वास होता है। मुख्यमंत्री ने उनसे अनुभव साझा किया कि आप मन से गौसेवा करो, सारी बाधाएं और कष्ट दूर होंगे। पूनम ने भी श्रावण मास में इच्छा पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री जी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। ‘जनता दर्शन’ में पहुंचे दिव्यांग ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी जमीन पर किसी ने कब्जा कर लिया है। इस पर मुख्यमंत्री ने जांच कराकर पीड़ित के यथासंभव मदद करने का आदेश दिया। इसके अतिरिक्त सी.एम. योगी ने प्रदेश के अन्य जनपदों से आए लोगों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण का भी निर्देश दिया।
‘जनता दर्शन’ : सुनी समस्याएं किया निवारण
मुख्यमंत्री योगी ने महिला को गाय देने के लिए कहा तो दिव्यांग की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने के दिए निर्देश
गौसेवा कीजिए, क्योंकि गौमाता में 33 कोटि देवताओं का वास होता है। ऐसा करने से सारी बाधाएं और कष्ट दूर होंगे।
By :
Just Click National
,
Sukhwinder Kaur
•