जनपद कानपुर साढ़ क्षेत्र में बारिश का कहर

भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबने से पिता और 3 बेटियों की मौत, 1 गंभीर

ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे तक मलबा हटाकर सभी पांच लोगों को बाहर निकाला।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबने से पिता और 3 बेटियों की मौत, 1 गंभीर

कानपुर, 6 सितंबर (हि.स.) : उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच रविवार को दो मंजिला कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद पिता और उनकी चार बेटियां मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और पतारा सीएचसी पहुंचाया, जहां पिता समेत तीन बेटियों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल चौथी बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। हिरनी गांव निवासी मुकेश कुमार (45) खेती-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी बेटियां माया (17), नीतू (7), पल्लवी (5) और काजल थीं। आज उनका दो मंंजिला कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान गिरते ही अंदर मौजूद मुकेश और उनकी चारों बेटियां मलबे में दब गईं। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। मलबे में परिवार के सदस्यों के दबे होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए। सूचना पर साढ़ पुलिस और अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे तक मलबा हटाकर सभी पांच लोगों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मुकेश कुमार, माया, नीतू और पल्लवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं काजल को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मृतक मुकेश के चचेरे भाई तेज बहादुर सिंह ने साढ़ पुलिस और पतारा सीएचसी की व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मकान गिरने के बाद उन्होंने साढ़ पुलिस को लगातार फोन किया, लेकिन शुरुआत में फोन रिसीव नहीं हुआ। काफी देर बाद संपर्क हो सका। इस दौरान ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू कर मलबे से सभी को बाहर निकाला और पतारा सीएचसी पहुंचाया। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल बेटी काजल का उपचार हैलट अस्पताल में चल रहा है।

संबंधित सामग्री

 दिल्ली में पांचवीं मंजिल वाले भवनों को फौरन सील करने के निर्देश

 दिल्ली में पांचवीं मंजिल वाले भवनों को फौरन सील करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने आसपास के पीजी एवं भवनों की भी सघन जांच करने को कहा है।

पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार गिरने से टीन शैड में सो रहे परिवार के 5 लोग दबे

पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार गिरने से टीन शैड में सो रहे परिवार के 5 लोग दबे

संबंधित मकान मालिक को जर्जर दीवार हटाने के लिए कई बार कहा जा चुका है, लेकिन कोई गौर नहीं की गई, जिससे हादसा हो गया।

निर्माणाधीन इमारत की 32वीं मंजिल पर क्रेन से लटका मिला युवक का शव 

निर्माणाधीन इमारत की 32वीं मंजिल पर क्रेन से लटका मिला युवक का शव 

एसजी हाईवे पर निरमा यूनिवर्सिटी के सामने निर्माणाधीन ट्रेमोंट एडलिप बिल्डिंग की 32वीं मंजिल पर क्रेन से लटकता एक युवक का शव मिला।

उप्र के बहराइच में 12 वर्षीय बालक को मगरमच्छ जिंदा खा गया, नदी में हाथ पैर धो रहा था किशोर

उप्र के बहराइच में 12 वर्षीय बालक को मगरमच्छ जिंदा खा गया, नदी में हाथ पैर धो रहा था किशोर

 उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में 12 वर्षीय बालक सुनील को मगरमच्छ जिंदा खा गया। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।