बहराइच, (हि.स.) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में तहसील परिसर के समीप मोतीपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरने से सोमवार सुबह करीब छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्राप्त सूचना के अनुसार, धर्मापुर जलीहा निवासी बसंत तहसील परिसर में जलपान गृह संचालित करते हैं। सोमवार सुबह उनका छह वर्षीय पुत्र तहसील परिसर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। बताया जा रहा है कि गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था, जिससे मासूम बच्चा गड्ढे से बाहर नहीं निकल सका और उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बालक को पानी से भरे गड्ढे से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष मोतीपुर ब्रह्मा गोंड ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर गहरे गड्ढों के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी इंतजाम नहीं किए गए, जिससे दर्दनाक हादसे में बच्चे की माैत हाे गई।ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
गहरे गड्ढे में गिरने से मासूम की दर्दनाक मौत
बहराइच : पानी भरे गड्ढे में डूबने से छह वर्षीय मासूम की मौत
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में तहसील परिसर के समीप मोतीपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरने से सोमवार सुबह करीब छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।
By :
Just Click National
,
Harpreet Singh
•