मालदा मैडीकल कालेज अस्पताल का मामला

 एक ही दिन में 10 नवजात बच्चों की मौत पर स्वास्थ्य भवन ने मांगी रिपोर्ट

सांस लेने में परेशानी, पीलिया और हृदय संबंधी समस्याओं समेत विभिन्न जटिलताओं के कारण इन नवजातों की मौत होने की बात सामने आई है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
 एक ही दिन में 10 नवजात बच्चों की मौत पर स्वास्थ्य भवन ने मांगी रिपोर्ट

मालदा, 26 अगस्त (हि.स.) : मालदा मैडीकल कालेज अस्पताल में एक ही दिन 10 नवजात बच्चों की मौत की घटना को लेकर स्वास्थ्य भवन ने मैडीकल कालेज प्रबंधन से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मैडीकल कालेज सूत्रों के अनुसार यह घटना अगस्त महीने के दूसरे सप्ताह की है। मालदा मैडीकल कालेज प्रबंधन ने भी एक ही दिन में दस नवजातों की मौत की बात स्वीकार की है। मैडीकल कालेज सूत्रों के मुताबिक, जिन 10 बच्चों की उस दिन मौत हुई, उनमें से 8 को गंभीर हालत में बाहर के अस्पतालों या नर्सिंग होम से मालदा मैडीकल कालेज रेफर किया गया था। बताया जा रहा है कि इन बच्चों में कुछ का जन्म अन्य सरकारी अस्पतालों या नर्सिंग होम में हुआ था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बच्चों की हालत बेहद गंभीर थी। सांस लेने में परेशानी, पीलिया और हृदय संबंधी समस्याओं समेत विभिन्न जटिलताओं के कारण इन नवजातों की मौत होने की बात सामने आई है। मालदा मैडीकल कालेज के मैडीकल सुपरिटेंडेंट प्रसेंजीत बर ने बताया कि हाल ही में एक दिन में 10 नवजात बच्चों की मौत हुई थी। हालांकि, इन 10 बच्चों में से केवल दो का जन्म मालदा मैडीकल कालेज में हुआ था। बाकी 8 बच्चों को गंभीर हालत में बाहर से मालदा मैडीकल कालेज रैफर किया गया था। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर स्वास्थ्य भवन की ओर से रिपोर्ट मांगी गई है। मैडीकल कालेज प्रबंधन ने प्राथमिक रिपोर्ट भेज दी है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट भी स्वास्थ्य भवन को भेजी जाएगी। अब स्वास्थ्य विभाग की जांच और विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सभी नवजातों की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या थे और उनकी स्थिति अस्पताल पहुंचने के समय कितनी गंभीर थी।