बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे

ऑपरेशन मुस्कान के तहत 51 खोए और चोरी हुए मोबाइल बरामद

टीम ने सीईआईआर पोर्टल, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक तकनीक की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया

By : Just Click National , Harpreet Singh
ऑपरेशन मुस्कान के तहत 51 खोए और चोरी हुए मोबाइल बरामद

किशनगंज, 25 अगस्त (हि.स.) किशनगंज पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से खोए, गुमशुदा और चोरी हुए 51 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस कार्यालय में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर धारकों के चेहरे पर खुशी नजर आई। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी ने सभी थानों के अपर थानाध्यक्षों और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम गठित की थी। टीम ने सीईआईआर पोर्टल, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक तकनीक की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। पुलिस के अनुसार किशनगंज थाना क्षेत्र से 20, कोचाधामन से छह, टेढ़ागाछ और ठाकुरगंज से पांच-पांच, पोठिया, कोढ़ोबारी और गलगलिया से तीन-तीन, बहादुरगंज और फतेहपुर से दो-दो तथा बिबीगंज और पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र से एक-एक मोबाइल बरामद किया गया। बरामद मोबाइल विभिन्न कंपनियों के हैं। एसपी संतोष कुमार ने अभियान में शामिल जिला आसूचना इकाई और संबंधित थानों के अपर थानाध्यक्षों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत करें। पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की भी अपील की है।