प्रो. बिप्लब लोह चौधरी को कमेटी अध्यक्ष चुना गया

विश्वभारती शैक्षिक संघ ने 2026-29 के लिए नई कमेटी का किया गठन

कमेटी का उद्देश्य विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को मजबूत करना और सदस्यता अभियान के माध्यम से सदस्य संख्या को बढ़ाना है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
विश्वभारती शैक्षिक संघ ने 2026-29 के लिए नई कमेटी का किया गठन

कोलकाता, 7 सितंबर (हि.स.) : विश्वभारती शैक्षिक संघ ने वर्ष 2026 से 2029 के कार्यकाल के लिए सर्वसम्मति से नई कमेटी का गठन किया है। वर्ष 2013 से 2019 तक एबीआरएसएम के केंद्रीय विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के संस्थापक संयोजक रहे प्रोफेसर बिप्लब लोह चौधरी को कमेटी का अध्यक्ष चुना गया है। नई कमेटी में डॉ. अजय दास को उपाध्यक्ष, डॉ. शुभ्रा ज्योति दास को महासचिव, प्रोफेसर भोलानाथ मंडल और डॉ. प्रज्ञालंकार भिक्खु को संयुक्त सचिव तथा डॉ. अभिजीत घोष को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कार्यकारिणी समिति के सदस्य के तौर पर 20 सदस्यों को नामित किया गया है। विश्वभारती शैक्षिक संघ के मुताबिक, यह एबीआरएसएम की एकमात्र विश्वविद्यालय शाखा है, जहां शिक्षक और शैक्षणिक कर्मचारी दोनों एक ही कमेटी का हिस्सा हैं। नई कमेटी के गठन के बाद प्रोफेसर बिप्लब लोह चौधरी ने सभी सदस्यों से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और गौरव को फिर से स्थापित करने की दिशा में सकारात्मक योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के हित में सभी सदस्यों को मिलकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसी क्रम में उन्होंने सितंबर और अक्टूबर के दौरान नए सदस्यता अभियान की घोषणा भी की। इसका उद्देश्य पूजा के बाद विजयादशमी के अवसर पर अधिक से अधिक नए सदस्यों को संगठन से जोड़ना है। वर्तमान में विश्वभारती शैक्षिक संघ के करीब 70 सदस्य हैं। संगठन का लक्ष्य आगामी सदस्यता अभियान के माध्यम से सदस्य संख्या बढ़ाने के साथ-साथ विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शैक्षणिक कर्मचारियों की भागीदारी को और मजबूत करना है।