15 फीट की गहराई पर चल रही थी बेसमैंट की खुदाई

मोहाली में निर्माणाधीन अस्पताल की इमारत ढही, 2 मजदूरों की मौत, 1 घायल

स्थानीय पार्षद हरविंदर सिंह ने कहा कि सीवरेज स्ट्रक्चर का एक हिस्सा गिरने के बाद कॉन्ट्रैक्टर को खतरे के बारे चेताया गया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिससे हादसा हो गया।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
मोहाली में निर्माणाधीन अस्पताल की इमारत ढही, 2 मजदूरों की मौत, 1 घायल

निर्माणाधीन इमारत का ढहा हिस्सा

चंडीगढ़, 21 अगस्त (हि.स.) : पंजाब के मोहाली में गत रात्रि एक निर्माणाधीन अस्पताल की इमारत ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन ने करीब छह घंटे तक रैस्क्यू ऑप्रेशन चलाया। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मलबे में किसी भी मजदूर के नहीं होने का दावा किया गया। मोहाली की उपायुक्त कोमल मित्तल ने बताया कि मोहाली के एयरोसिटी में मैडिसिटी के नाम से एक प्राइवेट अस्पताल बनाया जा रहा है। रिटेनिंग वॉल के लिए करीब 15 फीट की गहराई पर बेसमेंट की खुदाई चल रही थी, तभी मिट्टी की दीवार ढह गई और तीन मज़दूर उसमें दब गए। तीनों लोगों को मलबे से निकालकर स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। तीसरे मज़दूर का इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मित्तल ने कहा कि एस.डी.एम. को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। स्थानीय पार्षद हरविंदर सिंह ने कहा कि सीवरेज स्ट्रक्चर का एक हिस्सा गिरने के बाद हमने कॉन्ट्रैक्टर को खतरे के बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन चेतावनियों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। दीवार गिरने का कारण और कंस्ट्रक्शन साइट पर सुरक्षा उपायों का पालन किया गया था या नहीं, इसका पता जांच रिपोर्ट में चलेगा।